West Bengal Election Results 2026: ममता के घर रात में जुटे एजेंट, फिरहाद के दावे ने बढ़ाई बेचैनी? 1 सीट पर री-पोलिंग का बवाल

पश्चिम बंगाल में मतगणना से पहले ममता बनर्जी ने भवानीपुर के काउंटिंग एजेंटों के साथ बैठक की। मेयर फिरहाद हाकिम ने बड़ी जीत का दावा किया। साथ ही, फलता विधानसभा सीट पर री-पोलिंग का आदेश और मतगणना के लिए सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी के लिए पढ़ें।


कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मतगणना की पूर्व संध्या पर अपने कालीघाट स्थित आवास पर भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के काउंटिंग एजेंटों, पार्षदों और वार्ड अध्यक्षों के साथ एक अहम रणनीति बैठक की। इस बैठक के बाद कोलकाता के मेयर और टीएमसी के वरिष्ठ नेता फिरहाद हाकिम ने एक बड़ा दावा किया है।

भवानीपुर में ममता के सामने सुवेंदु की चुनौती

भवानीपुर सीट पर इस बार मुख्य मुकाबला पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी के सुवेंदु अधिकारी के बीच है। 2021 के विधानसभा चुनावों में अधिकारी ने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को हराकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया था, जिसके बाद ममता को भवानीपुर उपचुनाव लड़कर विधानसभा पहुंचना पड़ा था। अब सुवेंदु अधिकारी इस बार ममता के पारंपरिक गढ़ भवानीपुर में उन्हें सीधी चुनौती दे रहे हैं। यह सीट इस चुनाव में सबसे अधिक चर्चित और हाई-प्रोफाइल मुकाबलों में से एक है।

फिरहाद हाकिम का दावा: बड़े अंतर से जीतेंगी ममता

रविवार देर शाम हुई इस बैठक का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक नहीं हो सका है, लेकिन माना जा रहा है कि इसमें मतगणना के दौरान एजेंटों की भूमिका, वोटों की सुरक्षा और संभावित चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के तुरंत बाद फिरहाद हाकिम ने एक क्षेत्रीय समाचार चैनल से बातचीत में बड़ा दावा करते हुए कहा, “ममता बनर्जी भवानीपुर में बड़े अंतर से जीतेंगी।” उन्होंने कहा कि भवानीपुर के लोग ममता बनर्जी को अपनी बेटी मानते हैं और हर बार की तरह इस बार भी उन्हें रिकॉर्ड मतों से जिताएंगे।

ममता बनर्जी भवानीपुर से तीन बार विधायक रह चुकी हैं और इस सीट को उनका गढ़ माना जाता है। पिछली बार उपचुनाव में उन्होंने बीजेपी की प्रियंका टिबरेवाल को बड़े अंतर से हराया था। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि मतगणना के हर राउंड पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

एक साथ नहीं आएंगे पूरे नतीजे: 293 सीटों पर मतगणना, एक सीट पर 21 मई को री-पोलिंग

राज्य में हाल ही में दो चरणों (23 और 29 अप्रैल) में मतदान संपन्न हुआ था। 294 सदस्यों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए सोमवार (4 मई) को सुबह 8 बजे से राज्यभर के 77 मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती शुरू हुई।

हालांकि, पूरे 294 सीटों के नतीजे सोमवार को घोषित नहीं होंगे। चुनाव आयोग ने दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर गंभीर चुनावी गड़बड़ियों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के उल्लंघन का हवाला देते हुए पूरे क्षेत्र में पुनर्मतदान का आदेश दिया है। आयोग के अनुसार, मतदान के दिन ईवीएम की बैलेट यूनिट पर एक विशेष राजनीतिक दल के पक्ष में धांधली की शिकायतें मिली थीं। फलता के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक दोबारा मतदान होगा और इसके नतीजे 24 मई को घोषित किए जाएंगे।

मतगणना केंद्रों पर तीन स्तरीय सुरक्षा, कुणाल घोष का स्ट्रांग रूम पर बड़ा दावा

स्वतंत्र और निष्पक्ष मतगणना सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने सभी 77 मतगणना केंद्रों पर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। सबसे भीतरी सुरक्षा घेरे की जिम्मेदारी केंद्रीय सशस्त्र बलों (CAPF) को सौंपी गई है।

इस बीच, बेलियाघाटा से टीएमसी उम्मीदवार कुणाल घोष ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि पोस्टल बैलेट वाले स्ट्रांग रूम के बाहर पहले सीसीटीवी कैमरे नहीं थे, लेकिन टीएमसी की शिकायत के बाद चुनाव आयोग ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और अब वहां कैमरे और लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था कर दी गई है।

एग्जिट पोल के बाद तृणमूल अलर्ट मोड पर

गौरतलब है कि अधिकांश एग्जिट पोल में बीजेपी को बढ़त मिलने के अनुमान जताए गए हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इन एग्जिट पोल को “बीजेपी कार्यालय से संचालित” करार देते हुए खारिज किया और दावा किया कि टीएमसी 226 से अधिक सीटें जीतकर सत्ता में वापसी करेगी। इन एग्जिट पोल के बाद टीएमसी पूरी तरह से अलर्ट मोड पर नजर आ रही है और पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को मतगणना केंद्रों के बाहर डटे रहने के निर्देश दिए हैं।

बहरहाल, सभी की निगाहें अब 4 मई की मतगणना पर टिकी हैं, जो यह तय करेगी कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की सत्ता बरकरार रहती है या बीजेपी कोई नया इतिहास रचती है।

For NEXT ARTICLES

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top